गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

मेडिकल स्टोर में चल रहा था अस्पताल फिर भी कर दिया प्रसव ऑपरेशन

बर्डपुर/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के विकास खण्ड बर्डपुर क्षेत्र में स्थित श्री साई फार्मा क्लीनिक पर इलाज में गम्भीर लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गर्भावस्था के दौरान इलाज के लिए गई महिला के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद भी डॉक्टर ने गलत तरीके से ऑपरेशन किया और महिला की हालत बिगड़ने पर उसे इधर-उधर भटकाया गया। यह पूरा मामला ग्राम पंचायत बजहां, टोला भरथापुर निवासी आशीष गोस्वामी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराते हुए सामने लाया है। पीड़ित के मुताबिक 30 अक्टूबर 2025 को उनकी गर्भवती पत्नी को आशा कार्यकर्ता के साथ श्री साई फार्मा क्लीनिक बर्डपुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई, जिसके बाद मृत शिशु की निकासी के नाम पर गलत ऑपरेशन किये जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का यह भी कहना है कि हालत बिगड़ने पर क्लीनिक के मुख्य चिकित्सक डॉ0 अमन जायसवाल ने जिला मुख्यालय नौगढ़ भेजने के नाम पर महिला को भटकाया और अंततः गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर कथित रूप से मौके से फरार हो गये। मामला सीएमओ कार्यालय तक पहुंचने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। इस टीम में डॉ0 संजय गुप्ता, डॉ0 आशीष अग्रहरि और बर्डपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ0 सुबोध चन्द्रा को शामिल किया गया है। वहीं जांच के दौरान टीम ने पाया कि बताये गये पते पर अस्पताल का बोर्ड तो लगा है, लेकिन वहां केवल मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा है। इस पूरे मामले पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रजत कुमार चौरसिया का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गम्भीर सवाल खड़े कर दिये हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!