चिकित्सकों की लापरवाही से मरीज बेहाल, इटवा में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं

इटवा/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र इटवा में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सुर्खियों में है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही के कारण मरीजों को गम्भीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में अव्यवस्था के हालात इतने खराब हैं कि लोग घन्टों इलाज के लिए भटकने को मजबूर हैं। मरीजों व परिजनों द्वारा लगाये गये गम्भीर आरोप लगाये गये हैं कि आपातकालीन स्थिति में भी इलाज में घन्टों देरी लगती है, जिस वजह से कई मरीजों की स्थिति गम्भीर हो जाती है। बुनियादी जांच और दवाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिसके चलते मरीजों को बाहर से महंगे दामों पर दवाएं खरीदना पड़ता है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति, लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से जनता बेहद आक्रोशित है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ढीली कार्य प्रणाली का खामियाजा गरीब और ग्रामीण मरीज भुगत रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कराने और लापरवाह डॉक्टरों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त हो सकें।




