गौहनिया राज में धूमधाम से मनाया गया स्काउट स्थापना दिवस

डुमरियागंज। विकास क्षेत्र डुमरियागंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गौहनिया राज में शुक्रवार को स्काउट स्थापना दिवस बड़े ही उल्लास और अनुशासनपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वज शिष्टाचार के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने जोश और देशभक्ति से ओतप्रोत मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। स्काउट मास्टर कुलदीप कुमार के निर्देशन में स्काउट गाइड के छात्रों ने टेंट निर्माण, मंकी ब्रिज, फर्स्ट एड डेमो, पीटी परेड, नॉट टाईंग (गांठ बांधने की कला) जैसी विभिन्न गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष आकर्षण रहा “बिना बर्तन भोजन निर्माण”, जिसमें विद्यार्थियों ने प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर स्वादिष्ट भोजन तैयार किया। बच्चों द्वारा बनाए गए इस भोजन को अतिथियों और शिक्षकों ने चखकर उनकी रचनात्मकता की सराहना की और प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कृत नसीम अहमद, अहमद फरीद अब्बासी (प्राचार्य, रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज चकचयी), अजहर हनीफ अब्बासी (प्रवक्ता, रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज), मस्तराम चौधरी (अध्यक्ष, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ डुमरियागंज), मुस्ताक अहमद (उपाध्यक्ष), शेषाराम व इश्तियाक अहमद (एआरपी), राम कुमार वर्मा (कोषाध्यक्ष), रामविलास यादव (ब्लॉक व्यायाम शिक्षक) और अमृतलाल (अध्यक्ष, अटेवा डुमरियागंज) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद आरिफ उस्मानी, शारीरिक शिक्षा अनुदेशक विजय प्रकाश गौतम, स्काउट अध्यापक कुलदीप कुमार, तथा प्राथमिक विद्यालय गौहनिया राज व भानपुर रानी के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




