आशा एवं आशा संगिनी के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई

दैनिक बुद्ध का सन्देश
बहराइच। आशा एवं आशा संगिनी अपनी मांगों को लेकर अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं जिसका सीधा प्रभाव जिले के ग्रामीण अंचलों में फैली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है ना तो अब टीकाकरण ही हो रहा है और ना ही स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं जो सेवाएं आशा बहू के माध्यम से ग्रामीण अंचल में संचालित होती थी वह सेवाएं बिल्कुल ठप पड़ गई है जिससे अब ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उसमें से खासकर गर्भवती महिलाओं की ना तो समय से उनकी जांच हो पा रही है और ना ही उनका टीकाकरण हो पा रहा है जिससे गर्भ में पल रहे शिशु के ऊपर भी कहीं ना कहीं प्रभाव पड़ेगा। बहराइच जिले में कार्यरत सभी आशा एवं आशा संगिनी की मांगे जब तक मानी नहीं जाएगी तब तक यह लोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। समय से वेतन न मिल पाने के कारण आशा और आशा संगिनी का अनिश्चितकालीन हड़ताल दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है जिससे ग्रामीण अंचलों में मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को अब मुहैया होने में समस्या आ रही है क्योंकि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं का सूत्रधार आशा बहू एवं आशा संगिनी ही है जिनकी सहायता से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों तक पहुंचाया जाता है ऐसे में अगर सरकार द्वारा इन लोगों को उपेक्षा की दृष्टि से देखा गया तो सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों में चलाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं को धक्का लगेगा। वहीं बहराइच जिले के विभिन्न ब्लॉकों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आशा एवं आशा संगिनी के द्वारा लगातार मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिए जा रहे हैं ताकि हमारी सभी मांगों पर सरकार गौर करें। इसी के तहत आज बलहा विधायक सरोज सोनकर को बलहा में तैनात सभी आशा एवं आशा संगिनी ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम बलहा विधायक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पत्र सौंपते समय सैकड़ों की संख्या में आशा बहू मौजूद रही।




