जागरूक नारी सशक्त समाज मिशन शक्ति 5.0 के तहत श्रावस्ती में 15 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम

श्रावस्ती। श्रावस्ती पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत सोमवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चले इस अभियान के तहत थाना भिनगा, इकौना, गिलौला, सिरसिया, गिरंट, मल्हीपुर, सोनवा, महिला थाना और नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्रों में कुल 15 स्थानों पर कार्यक्रम हुए, जिनमें लगभग 1800 महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रमों में महिलाओं को साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा, ऑनलाइन सतर्कता, घरेलू हिंसा से निपटने के उपाय और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान ने शांति बाल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचाव और महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। मिशन शक्ति टीमों ने प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय सिखाए और बताया कि संकट की स्थिति में 112 या 1930 पर तुरंत संपर्क करें। कार्यक्रमों में कन्या सुमंगला योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। श्रावस्ती पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की भावना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




