चेयरमैन ने छठ घाटों का निरीक्षण कियाः चकिया में छठ पूजा से पहले सफाई व्यवस्था का जायजा लिया

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व से पहले नगर पंचायत शोहरतगढ़़ के चेयरमैन उमा अग्रवाल अपने पति व नगर पंचायत प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने गुरुवार को वार्ड नम्बर 10 गांधी नगर में स्थित शिव बाबा मंदिर परिसर के पोखरे पर बने छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सम्बंधित सफाई नायक को विस्तृत दिशा-निर्देश दिये। चेयरमैन उमा अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरे घाट की समुचित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उमा अग्रवाल ने बताया कि छठ लोक आस्था का महान पर्व है, जो सूर्य उपासना के माध्यम से समाज में एकता, स्वच्छता और संस्कारों का सन्देश देता है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा घाटों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि छठ पूजा के अवसर पर चकिया के ऐतिहासिक शिव बाबा मंदिर पोखरे पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन लगातार घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो। इस निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, बबलू गौड़, दिनेश कुमार, शिवरतन कन्नौजिया, शिव शक्ति शर्मा, बीडी कसौधन, प्रहलाद मिश्रा सहित नगर पंचायत कर्मी भी उपस्थित रहे।




