सिद्धार्थनगर में सजी पटाखों की दुकानें: छोटी दिवाली से उमड़ी भीड़, अच्छी हुई बिक्री

सिद्धार्थनगर। मुख्यालय में दीपावली के त्योहार के मद्देनजर उत्सव का माहौल रहा है। मुख्यालय सिद्धार्थनगर के जेल रोड स्थित बीएसए ग्राउण्ड पर पटाखों का अस्थायी बाजार सज गया था। यहां लगभग 45 दुकानें लगाई गई हैं, जहां छोटी दिवाली की शाम से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस बाजार में रंग-बिरंगी फुलझड़ी, अनार, रॉकेट, चकरी और अन्य आतिशबाजियां उपलब्ध हैं। बच्चों से लेकर बड़े तक उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं। दीपावली की तैयारियों के तहत पूरे बीएसए ग्राउण्ड को रोशनी और सजावटी झालरों से जगमगाया गया है। दुकानदार राहुल कसौधन ने बताया कि इस वर्ष बिक्री में वृद्धि की उम्मीद है। उनके मुताबिक छोटी दिवाली तक लगभग 6 से 7 लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है। दीपावली की रात तक बिक्री में 40 से 45 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान है, क्योंकि ग्राहकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। एक अन्य दुकानदार शहजाद अली ने बताया कि शुरुआत में पटाखों की आपूर्ति में कुछ समस्या आई थी, लेकिन अब स्टॉक पूरा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह तक माल का इंतजार करना पड़ा था, पर अब बिक्री ने गति पकड़ ली है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पटाखों के दामों में 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, फिर भी ग्राहक उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में खरीदारी करने आये ग्राहकों का कहना है कि पटाखों के दाम बढ़ने के बावजूद त्योहार की खुशी पर महंगाई का असर कम दिख रहा है। बच्चे फुलझड़ी और अनार खरीदते हुए प्रसन्न हैं, जबकि महिलाएं दीप, मोमबत्तियां और अन्य सजावटी सामग्री खरीद रही हैं।




