भिनगा में महिला सुरक्षा को लेकर राज्य महिला आयोग की सदस्य ने किया पैदल मार्च

श्रावस्ती। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने गुरुवार को भिनगा कस्बे में पैदल मार्च किया। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर उनके अधिकारों की जानकारी दी और आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। जनपद दौरे के दौरान डॉ. मौर्या ने कोतवाली भिनगा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं को बताया कि वे अपनी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करें और किसी भी समस्या की स्थिति में कहां सहायता प्राप्त करें। डॉ. मौर्या ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत सरकार का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। इस मौके पर मिशन शक्ति मोबाइल टीम ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की और चालकों को हेलमेट पहनने व यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अभियान में क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, महिला थाना प्रभारी, मिशन शक्ति टीम सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। डॉ. मौर्या ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे निडर होकर आगे बढ़ सकें।




