एच सी एल टेक द्वारा एस बी टी के बच्चों को कौशल विकास का प्रशिक्षण

गौरी बाजार/देवरिया। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एस बी टी पब्लिक स्कूल में एच सी एल टेक लखनऊ की तरफ से कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन एम एन त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन कर व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के 11वीं व 12वीं के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।एच सी एल टेक लखनऊ से आए दीप जी ने बच्चों को संबोधित किया और उन्होंने यह बताया कि यह कार्य योजना उन छात्र-छात्राओं के लिए है जो किसी कारणवश 12वीं की पढ़ाई के बाद आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पाते हैं। यह प्रोग्राम उनके लिए बहुत ही उपयोगी है क्योंकि इस योजना के तहत उन्हें पढ़ाई के साथ साथ उच्च शिक्षा भी दिलवाई जाती है।एच सी एल टेक ऐसे बच्चों को 1 साल की ट्रेनिंग देती है और उसे अपनी कंपनी में नौकरी भी देती है तथा उचित मानदेय भी दिया जाता है ताकि बच्चे की आगे की उच्च शिक्षा भी जारी रहे।विद्यालय के चेयरमैन त्रिपाठी ने लखनऊ से आए एच सी एल टेक के पदाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए रखा गया है। कौशल विकास उन क्षमताओं को प्राप्त करने, बढ़ाने और सुदृढ़ करने की एक निरंतर प्रक्रिया है ,जो छात्र छात्राओं को उनके व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में बेहतर ढंग से प्रदर्शन करने में सक्षम बनाती हैं। इसमें तकनीकी और व्यावसायिक दोनों तरह के कौशल शामिल होते हैं, जैसे कि मशीनरी संचालन और संचार कौशल, जिनका उद्देश्य उत्पादकता, रोजगार क्षमता और समग्र जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है।इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य दिवाकर पांडेय,मुख्य समन्वयक अंबरीश त्रिपाठी,प्रशासक अबू दानिश व अन्य शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




