दस्तक कार्यक्रम का हुआ भौतिक सत्यापन

भनवापुर। भनवापुर क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया के अधीक्षक डॉक्टर शैलेंद्र मणि ओझा मंगलवार को ग्राम मनिकौरा में अरविंद कुमार त्रिपाठी व नागेंद्र नाथ त्रिपाठी के घर पहुंचकर आशा बहू अनीता के द्वारा दस्तक कार्यक्रम में किए गए कार्य का भौतिक सत्यापन किया तथा इसके बाद अधीक्षक ने गांव में एएनएम रागिनी के द्वारा आयोजित माता बैठक का औचक निरीक्षण किया। अधीक्षक ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल, मच्छर से बचाव, नालियों की साफ सफाई, हैंड पाइप के आसपास की सफाई, कलर व गमले की समय समय पर साफ सफाई, शौचालय के इस्तेमाल, चूहा छछूंदर से बचाव, नंगे पांव बच्चों को बाहर जाने से रोकने की जानकारी, टीकाकरण के फायदे, गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीकरण तथा गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार बार प्रसव पूर्व सभी जांचों के साथ-साथ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी अस्पताल मे करवाऐं जिससे जन्म के समय नवजात शिशु को सभी वैक्सीन व जन्म प्रमाण पत्र मिल सके तथा जच्चा व बच्चा को सुरक्षित किया जा सके। एचईओ राजीव त्रिपाठी तथा बीएमसी सूर्यदेव सिंह ने एएनएम को बताया कि उच्च जोखिम वाली महिलाओं की समय से पहचान करें तथा आवश्यकतानुसार संदर्भित करें। इस दौरान पर्यवेक्षक ध्रुपचंद, सोनी, संगीता, पूजा, गायत्री, फूल कुमारी, सुनीता, रीना,चंद्रावती आदि बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।




