बढ़नी बाजार में बिक रही खराब क्वालिटी की मिठाइयां, लोगों के स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। बढ़नी बाजार में खराबक्वालिटी की मिठाइयों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। जो त्योहारी सीजन में यह स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। मिठाइयों में मिलावट की खबरों ने बाजार की मिठास को कड़वाहट में बदल दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में बिकने वाली कई मिठाइयों में सस्ते और हानिकारक कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल हो रहा है। इसके अलावा एक्सपायर्ड दूध उत्पादों का भी प्रयोग मिठाइयों को तैयार करने में किया जा रहा है। यह सीधे तौर पर स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। कुछ दुकानों पर मिलने वाली मिठाइयों में अजीब सी गन्ध और असामान्य स्वाद है। लोगों का कहना है कि लखनऊ, कानपुर, दिल्ली से तरह-तरह के रेडीमेड मिठाइयां पेड़ा, बर्फी, कलाकन्द, सफेद रसगुल्ला, सोनपापड़ी, लड्डू आदि मंगाकर खुलेआम बेचा जा रहा है। ऐसी मिठाईयां खाने से पेट दर्द, उल्टी और अन्य स्वास्थ्य सम्बन्धी शिकायतें भी हो सकती हैं। स्थानीय कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर दबी जुबान से बताया कि यादव, चौधरी, पंडित के नाम से मशहूर कुछ दुकानदार मिठाइयां रेडीमेड और सस्ती सामग्री लेकर आते हैं। ये देखने में तो मिठाइयां लगती हैं, लेकिन इनमें कोई पोषण मूल्य नहीं होता है और इस पर कोई पैकिंग तिथि या एक्सपायरी तिथि लिखी नही होती है। यह खुलेआम बेचा जाता है और किसी तरह का कोई बिल बाउचर नही दिया जाता है। जिम्मेदारों की उदासीनता से घटिया क्वालिटी की सस्ती मिठाइयां बेचकर गरीबों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लोगों ने मीडिया के माध्यम से उच्चाधिकारियों से जांच कराये जाने की मांग की है।



