इकौना में निकली ज्योति कलश यात्रा, नगर गूंज उठा ‘गायत्री मंत्र‘ से

इकौना/श्रावस्ती। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वाधान में परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज सोमवार को नगर इकौना में भव्य ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस पावन यात्रा में नगर की सैकड़ों माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और भक्ति भाव से भाग लिया। गायत्री मंत्रों की गूंज और भक्ति संगीत के मधुर स्वरों से पूरा नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर हो उठा। कलश यात्रा का शुभारंभ गायत्री मंदिर इकौना से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मंच संचालकों ने बताया कि माता भगवती देवी शर्मा जी ने अपने जीवन में महिला सशक्तिकरण, समाज सुधार और आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। उनके जन्म शताब्दी वर्ष पर आयोजित यह यात्रा समाज में नैतिक जागरण, संस्कार निर्माण और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देती है। इस अवसर पर गायत्री परिवार के इकौना शक्तिपीठ के कार्यकर्ताओं किशोरी गुप्ता धर्मपाल सोनी सत्यवर्धन गोयल राधेश्याम कसौधन राम सुरेश सोनी राम अक्षय बार विजय गोयल पुजारी सुरेश तिवारी शिवकुमार पाठक सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




