करवाचौथ से पहले सराफा बाजार में रौनक

बलरामपुर। नवरात्र के बाद सराफा बाजार ने रफ्तार पकड़ ली है। करवाचौथ को अभी पांच दिन शेष हैं, लेकिन इसे लेकर बाजार में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया है। महिलाएं फैंसी और हलके गहनों की डिमांड कर रही हैं। मनपसंद डिजाइन की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में सराफा कारोबारियों से लेकर कारीगरों तक के चेहरे खिल गए हैं। शहर के चौक बाजार स्थित सराफा दुकान पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। दुकान के मालिक राजा गुप्ता ने बताया कि करवाचौथ को लेकर इन दिनों हल्के व फैंसी गहनों की मांग ज्यादा है। भले ही सोने का भाव ऊंचा चल रहा हो, लेकिन पर्व में बिक्री पर इसका खास असर नहीं है। कारीगर मनोज कुमार का कहना है कि ग्राहकों की पसंद के अनुसार डिजाइन तैयार कर रहे हैं। करवाचौथ के साथ धनतेरस और दीपावली की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। इस बार लंबा त्योहारी सीजन होने से बाजार के अच्छे रहने की उम्मीद है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।
महिलाओं में उत्साह
ग्राहक रीना श्रीवास्तव ने कहा कि करवाचौथ के लिए इस बार हल्के फैंसी डिजाइन का सेट बुक कराया है। ग्राहक प्रीति अग्रवाल ने कहा कि सोने के दाम जरूर बढ़े हैं, लेकिन डिजाइन देखकर मन नहीं मानता। इस बार कान के झुमके खरीदे हैं। निशा वर्मा ने कहा कि हर साल करवाचौथ पर कुछ खरीदते हैं। बाजार में डिजाइन की बहुत वैरायटी है।


