राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन

बलरामपुर। विजयादशमी उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने पर जिले भर में विभिन्न खंडों में शस्त्र पूजन एवं विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तिबद्ध स्वरूप में भाग लेकर अपनी निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण का परिचय दिया। मुख्य आयोजन जिला कार्यालय रमना पार्क में हुआ, जहां विभाग संघचालक सौम्य अग्रवाल की अध्यक्षता में शस्त्र पूजन संपन्न हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में विभाग प्रचारक प्रवीण जी और नगर संघचालक देव प्रकाश उपस्थित रहे। जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार सहित अतिथियों ने डॉक्टर हेडगेवार, गुरुजी गोलवलकर, भारत माता एवं भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात स्वयंसेवकों ने अमृत वचन व एकल गीत का प्रस्तुतीकरण किया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक अनुशासित व भावनात्मक बना दिया। मुख्य वक्ता प्रवीण जी ने अपने संबोधन में कहा कि संघ की यह सौ वर्षों की यात्रा केवल संगठन की नहीं, बल्कि राष्ट्र के पुनर्जागरण की यात्रा है। पिछले एक शतक में संघ ने शिक्षा, सेवा, ग्राम विकास और सांस्कृतिक पुनर्निर्माण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शस्त्र पूजन का अर्थ केवल अस्त्र-शस्त्र की आराधना नहीं है, बल्कि यह धर्म, सत्य और नीति की रक्षा का संकल्प है। इसी क्रम में खंड श्रीदत्तगंज के तत्वावधान में कुबेरमती इंटर कॉलेज तथा खंड उतरौला में भी शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संचालन विभाग प्रचार प्रमुख मनीष कुमार ने किया। इस अवसर पर गोंडा विभाग प्रचारक प्रवीण जी ने संघ की स्थापना, शताब्दी वर्ष की यात्रा और ‘पंच परिवर्तन‘ विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इनमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्यों में सहभागिता जैसे विषय प्रमुख रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएलके पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेपी पांडे ने की। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे जिनमें हरिभान सह खंड संघचालक, नीलमणि विभाग मार्ग प्रमुख, मोहनीस जिला प्रचार प्रमुख, सिद्धार्थ सह जिला प्रचार प्रमुख, हेमंत जायसवाल ब्लॉक प्रमुख, कुलदीप सिंह प्रधान संघ अध्यक्ष, चंदन मिश्रा, ओमप्रकाश त्रिगुनायक मंडल अध्यक्ष, बनवारी लाल कौशल, प्रेम प्रकाश जायसवाल, जितिन कौशल, राहुल जायसवाल, सर्वजीत वर्मा, दीनदयाल जायसवाल, प्रमोद मिश्रा सहित अनेक स्वयंसेवक शामिल हुए। सीमा क्षेत्र जरवा में भी शताब्दी वर्ष का उत्सव और विजयादशमी पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रतनपुर झिंगहा हरीश मिश्रा ने की। जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार ने इस अवसर पर डॉक्टर हेडगेवार और गुरुजी गोलवलकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ देशभक्ति की विचारधारा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1925 में गठित संगठन ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान दिया और अब 100 वर्षों की यात्रा पूर्ण कर रहा है। उन्होंने विजयादशमी के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान राम ने रावण वध कर विभीषण का राजतिलक किया था, उसी प्रकार धर्म और सत्य की विजय ही मानव जीवन का ध्येय होना चाहिए। कार्यक्रम में गैंसड़ी खंड प्रचारक ध्रुव, सह खंड कार्यवाह वैभव, वरिष्ठ कार्यकर्ता मदनलाल, मंडल अध्यक्ष अजय व इंद्रजीत, दिव्य प्रकाश, चमन सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शस्त्र पूजन किया। इसी क्रम में पचपेड़वा ब्लॉक के ग्राम पंचायत फरेंदी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा 101 कन्याओं का पूजन किया गया। जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार, सीमा जागरण के प्रांतीय मंत्री राम कृपाल, खंड करवावाह गोविंद, विस्ताक रवि और बीजेपी नेता राम शरण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे। कन्याओं का चरण पूजन कर उन्हें भोजन और उपहार प्रदान किए गए कार्यक्रमों में शामिल स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं में शताब्दी वर्ष को लेकर उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। शस्त्र पूजन और कन्या पूजन जैसे आयोजन केवल परंपरा के निर्वाह नहीं, बल्कि समाज में धर्म, संस्कृति, समरसता और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को स्थापित करने का संकल्प भी हैं।



