श्रावस्ती के इकौना ब्लॉक में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ व दी श्रद्धांजलि

श्रावस्ती। इकौना ब्लॉक परिसर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विधायक पं. राम फेरन पाण्डेय तथा ब्लॉक प्रमुख ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद गांधीजी के स्वच्छता संदेश को आगे बढ़ाते हुए विधायक व ब्लॉक प्रमुख ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में विधायक पं. राम फेरन पाण्डेय ने कहा, “महात्मा गांधी ने दुनिया को अहिंसा और सत्य का मार्ग दिखाया, वहीं शास्त्री जी ने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देकर देश की रीढ़ किसानों और सैनिकों को नई दिशा दी।”
ब्लॉक प्रमुख ने लोगों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपनाने, समाज में सेवा, सद्भाव और स्वच्छता का वातावरण बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यही इन महान नेताओं के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने गांधी-शास्त्री के योगदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




