हादसा: अनियंत्रित बोलेरो के गहरे गड्ढे में गिरने से तीन लोग हुए घायल

महराजगंज। जनपद के सिसवा नगर पालिका परिषद में गुरुवार शाम करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरली पुल के पास रेलवे फाटक संख्या 27 के समीप मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी।इस दुर्घटना में तीन लोग जख्मी हुए। घायलों में ग्रामसभा निपनिया के निवासी श्रीनेत, नगर पंचायत सिसवा के राजाजीपुरम वार्ड निवासी सलमान और अखतरिन शामिल हैं। हादसे में ब्श्रीनेत के पैर में जहां फ्रैक्चर हो गया, वहीं अखतरिन के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाने के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से बोलेरो को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी घायलों को सिसवा सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर श्रीनेत और अखतरिन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को अहिरौली ग्रामसभा में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। हादसा खड्डा से सिसवा की ओर जाते समय हुआ।



