चोरों ने घर पर बोला धावा, सोने चांदी के जेवरात सहित हजारों की नकदी लूट कर ले गए चोर

हुजूरपुर/बहराइच। अंधेरा होते ही चोरों का साम्राज्य कायम हो जाता है, पुलिस की नाकामी को चोर सिद्ध करते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। शाम होते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों की रखवाली करने के लिए तैयार हो जाते हैं लेकिन इसके बावजूद भी चोर को चोरी करने में सफलता मिलती जा रही है। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठकुराइन पुरवा सिंहपुर का मामला है जहां पर देशराज विश्वकर्मा पुत्र माता प्रसाद विश्वकर्मा के घर को बीती रात 3 से 4 के बीच में चोरों ने निशाना बनाकर हजारों की नकदी व जेवरात पर अपना हाथ साफ किया। चोर घर का मेन दरवाजा खोलकर हजारों की नकदी व जेवरात लूट ले गए। परिवार के लोग जब छत पर सो रहे थे तब घर खाली देख चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गम्भीर सवाल उठाए और अगर गश्त होती रहती तो चोरी नहीं होती। ऐसी वारदात होने से ग्रामीण क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। पीड़ित देशराज विश्वकर्मा ने प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना है कि चोरों के दुस्साहस और उनके द्वारा बनाई गई चोरी की योजनाओं को ध्वस्त करने में हुजूरपुर पुलिस कितनी सफल होती है।




