श्रीश्री 108 सत्य प्रचारिणी रामलीला कमेटी की तैयारी पूरी, भव्य आयोजन होगा

बलरामपुर। श्रीश्री 108 सत्य प्रचारिणी रामलीला कमेटी बलरामपुर नगर द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भव्य रामलीला मंचन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बैठक आयोजित कर तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। रामलीला समिति के अध्यक्ष राज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह रामलीला मंचन का 62वां वर्ष है, जो 22 सितंबर से प्रारंभ होकर 3 अक्टूबर तक रामलीला मैदान में आयोजित होगा। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि मंचन कार्यक्रम प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से देर रात 2 बजे तक चलेगा। इस वर्ष भी स्थानीय कलाकारों द्वारा मंचन किया जाएगा, जिन्हें भव्य और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए निरंतर रिहर्सल कराया जा रहा है। रामलीला को देखने के लिए दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में महिला-पुरुष दर्शक पहुंचते हैं। उनके लिए बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। रामलीला मंचन के दौरान रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया जाएगा। इनमें मुकुट पूजा के बाद विश्वमोहनी, नारद मोह, राम जन्मोत्सव, विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, मारीच सुबाहु वध, अहिल्या उद्धार, गंगावतरण, फुलवारी लीला, रावण बाणासुर संवाद, धनुष यज्ञ, परशुराम लक्ष्मण संवाद, सीता स्वयंवर, श्रीराम वन गमन, राम केवट संवाद, चित्रकूट में राम भरत मिलाप, सीता हरण, खरदूषण, त्रिषणा वध, सबरी नवधा भक्ति, राम सुग्रीव मित्रता, बाली वध, लंका दहन, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण, मेघनाथ वध, रावण वध, राम राज्याभिषेक व भरत मिलाप जैसे प्रसंग शामिल हैं। विशेष आकर्षण भरत मिलाप शोभायात्रा होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर रामलीला मैदान में सम्पन्न होगी। इसके बाद हवन-विसर्जन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. तुलसीश दुबे ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को धर्म और संस्कृति से जोड़ना तथा नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस का विशेष सहयोग प्राप्त है, जिससे कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ड्यूटी निर्धारित की है। बैठक के दौरान समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, कार्यवाहक महामंत्री राम प्यारे कश्यप, राधेश्याम मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय शर्मा, रघुनाथ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विजय कश्यप, सरदार प्रीत पाल सिंह, अजय मिश्रा, रघुनाथ शुक्ला, मंगल बाबू, सुनील कसेरा, बाबा राम बक्स बाल्मिकी, अम्बरीष शुक्ल, संजय शुक्ला, गौरव मिश्रा, अभय कसेरा, वेद प्रकाश कारुष, अमित त्रिपाठी, कुंवर आनंद पाण्डेय सहित पदाधिकारी व अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।




