प्रतिभाशाली छात्रों का सम्मान, 25 विद्यालयों के टॉप-10 विजेताओं को मिले मेडल व शील्ड

महराजगंज। सिसवा नगर पालिका के सेनानी नगर वार्ड में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सिसवा नॉलेज चौंपियनशिप 2025 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन 17 अगस्त को किया गया था, जिसमें नगरपालिका क्षेत्र के 25 विद्यालयों से लगभग 900 छात्रों ने प्रतिभाग किया। रविवार को हुए इस समारोह में जूनियर व सीनियर वर्ग के टॉप-10 छात्रों को मेडल, शील्ड और उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सिसवा के नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल और विशिष्ट अतिथि सभासद प्रमोद जायसवाल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के लिए सकारात्मक योगदान देना भी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से बच्चों में आत्मविश्वास और प्रेरणा दोनों का विकास होता है। कार्यक्रम का संचालन उमेश जायसवाल ‘उमंग’ ने किया तथा आयोजक वासू विशाल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य लोग, अभिभावक और शिक्षकगण, जिनमें विवेक चौरसिया, विपिन जायसवाल और सत्या जायसवाल प्रमुख रहे, उपस्थित रहे।




