घूंघट में आई दो महिलाओं ने स्प्रे से किया बेहोश, घर में दिया लूट को अन्जाम, माता-पिता गये थे बाहर

त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र त्रिलोकपुर के बिशुनपुर हरी में शाम 7 बजे एक साहसिक लूट की घटना सामने आयी है। मन्नू विश्वकर्मा के घर में दो महिला चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय मन्नू सब्जी लेने चौराहे गये थे। उनकी पत्नी बच्चे को टॉयलेट कराने ले गई थीं। घर में अकेली मौजूद 15 वर्षीय रूचि खाना बना रही थी। इसी दौरान घूंघट में दो महिलाएं घर में घुसीं। रूचि के खड़े होते ही उन्होंने पहले उसे थप्पड़ मारा और फिर सुगंधित स्प्रे से बेहोश कर दिया। इसके बाद घर में लूटपाट की। आधे घन्टे बाद जब मन्नू घर लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को बेहोश और घर का सामान बिखरा हुआ पाया। परिजनों ने त्रिलोकपुर पुलिस को सूचना दी। त्रिलोकपुर पुलिस की जगह बिजौरा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। एक घन्टे बाद पूर्व विधायक डॉ0 सतीश चन्द्र द्विवेदी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने दोषियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं। पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है। थाना प्रभारी रामदेव ने बताया कि कुछ पुलिस वाहनों में तकनीकी खराबी है, जिन्हें ठीक कराया जा रहा है।




