पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में सहायक अभियन्ता का हंगामा

सिद्धार्थनगर। लखनऊ स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में एक विवादास्पद घटना सामने आयी। सिद्धार्थनगर खण्ड में तैनात सहायक अभियन्ता चन्दन पाठक ने प्रमुख अभियन्ता विजय कनौजिया के कार्यालय में घुसकर हंगामा किया। उन्होंने गाली-गलौज के साथ गोली मारने की धमकी दी। घटना का कारण एक प्रार्थना पत्र की कार्रवाई को लेकर उपजा विवाद था। प्रमुख अभियन्ता द्वारा पत्र की प्रासंगिकता पूछे जाने पर सहायक अभियन्ता भड़क गये। कार्यालय के कर्मचारियों ने स्थिति को नियन्त्रित करने का प्रयास किया, लेकिन मामला और बिगड़ गया। विभागाध्यक्ष और प्रमुख अभियन्ता अशोक कुमार द्विवेदी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति में मुख्य अभियन्ता युवराज सिंह और स्टाफ ऑफिसर प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है। विभागाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पीडब्ल्यूडी की कार्य संस्कृति और अनुशासन से समझौता नहीं किया जायेगा। दोषी पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक आरोपी सहायक अभियन्ता का अतीत भी विवादों से भरा रहा है। असम में तैनाती के दौरान उन पर एक महिला से दुराचार का आरोप लगा था, जिसके कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। इस घटना ने विभाग में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर गम्भीर सवाल खड़े कर दिये हैं।




