त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव की घटना

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार की रात त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोरी की इस वारदात से ग्रामीणों में दहशत और गहरा गया है। आवाम का कहना है कि यह पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में लगातार चोरियों से दहशत का माहौल बना हुआ है । लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने और अब तक किसी भी मामले का खुलासा न कर पाने के कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुसम्ही गांव निवासी बाबूलाल पुत्र पंचम रविवार की रात परिवार के साथ करीब 12 बजे सो गए। इसी दौरान देर रात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के भूसयले में लगी खिड़की की जाली उखाड़ डाली और घर में घुस गए। घर के अंदर जाकर उन्होंने बक्सों को खंगाला और कुछ नहीं मिला तो बोरे में रखा सरसो पलट दिया और सोने चांदी के जेवरात एक सोने का हार, दो जोड़ी झाला, पायल और बिछुआ समेत कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह 6 बजे घर वालों को पता चला तब 112 पीआरबी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ के साथ पीड़ित परिवार को थाने जाकर तहरीर देने की सलाह दी। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हो रही चोरियों से पूरा क्षेत्र असुरक्षित महसूस कर रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो पुलिस चोरों तक पहुंच पा रही है और न ही घटनाओं में कमी आ रही है। लोगों का कहना है कि जब तक पुलिस सख़्ती नहीं दिखाएगी, तब तक अपराधियों के हौसले बुलंद रहेंगे। इस संबंध में जब थाना प्रभारी त्रिलोकपुर ने बताया कि मैं स्वयं घटनास्थल पर गया था। यह घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। स्थिति स्पष्ट होने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोग अब ठोस कार्रवाई और पुलिस से पारदर्शी जवाब की अपेक्षा कर रहे हैं।




