मनरेगा में खुला फर्जीवाड़े का खेल, खमरिया ग्राम पंचायत में सरकारी धन की खुली लूट

रामबिलास प्रजापति/दैनिक बुद्ध का संदेश
संतकबीर नगर। के विकासखंड सेमरियाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरिया में मनरेगा योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। यहां कथित नकली प्रधान, सचिव एवं रोजगार सेवक की मिलीभगत से सरकार के धन को खुलेआम लूटा जा रहा है।मनरेगा के तहत रामजतन के खेत से कब्रिस्तान तक चक रोड पटाई कार्य में भारी फर्जीवाड़ा सामने आया है। कार्यस्थल पर रोजाना 70 मजदूरों की फर्जी हाजिरी एक ही फोटो के सहारे लगाई जा रही है। जहां पुरुष की फोटो लगी है, वहां महिलाओं के नाम दर्ज हैं और जहां महिलाओं के नाम लिखे गए हैं, वहां पुरुषों की हाजिरी दर्शाई जा रही है।सूत्रों के अनुसार यह पूरा खेल ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों की सरपरस्ती में संचालित हो रहा है। भ्रष्टाचार में लिप्त लोग ही दूसरों को नियम-कानून का पाठ पढ़ाते नजर आ रहे हैं।गौरतलब है कि ग्राम पंचायत खमरिया में मनरेगा के तहत पूर्व में कराए गए कार्यों एवं फर्जी भुगतान को लेकर जिलाधिकारी संत कबीर नगर से शिकायत भी की जा चुकी है। इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं और भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद हैं।पूर्व में खबरें प्रकाशित होने के बाद मनरेगा उपायुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन प्रधान, सचिव व रोजगार सेवक भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं और सरकारी योजनाओं को लूट का जरिया बनाए हुए हैं।इस सम्बन्ध में मनरेगा आयुक्त ने कहा की मामला संज्ञान में आया तो जांच कर कार्रवाई होगी।अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस बार भ्रष्टाचारियों पर सख्त अंकुश लगाएगा या ग्राम पंचायत खमरिया में मनरेगा भ्रष्टाचार यूं ही जारी रहेगा।




