महराजगंज में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस सकुशल संपन्न

महराजगंज। शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित मदरसा जामिया रिज़ीविया नुरुल उलूम से ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस निकला, जिसमें मुस्लिम समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यह जुलूस बिस्मिल नगर से होते हुए नूरी मस्जिद और सक्सेना नगर चौराहा तक निकला और पुनः सिविल लाइन स्थित नूरी मस्जिद पर आकर संपन्न हुआ। ईद मिलादुन्नबी का पर्व पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। इस्लामी मान्यता के अनुसार वे अंतिम नबी थे, जिन्होंने मानवता, समानता और करुणा का संदेश दिया। यह पर्व इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल की 12वीं तारीख को मनाया जाता है। जुम्मे की नमाज़ के कारण जुलूस दोपहर 12 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर दिया गया। इस अवसर पर मदरसा प्रबंधक शमशुल हुदा खान, सफीक अहमद, सभासद सदर आलम, शहाबुद्दीन अंसारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में विशेष दुआएँ कीं और पैगंबर मोहम्मद के संदेशों को याद करते हुए आपसी भाईचारे और मानव सेवा का संकल्प लिया। साथ ही एक-दूसरे को मिठाइयाँ बाँटकर आपस में खुशियाँ साझा की।




