सड़क पर खड़ी ट्राली से बाइक सवार टकरायें एक की मौत दो घायल

बांसी/सिद्धार्थनगर। कोतवाली बांसी क्षेत्र के धानी मार्ग पर आदिलापुर गांव के पास सड़क पर खड़ी ट्राली से बाइक सवार टकरा गये, जिसके कारण एक की मौके पर मौत हो गई और दो लोग घायल हो गये। घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। आपको बता दें कि बांसी से बाइक सवार अपने घर गोनहाताल जा रहे थे। सड़क दुर्घटना में राम सुमेर पुत्र घनश्याम निवासी ग्राम गोनहाताल की मौके पर मौत हो गई और विशाल निषाद पुत्र नन्दलाल निवासी ग्राम गोनहाताल और दुर्गेश पुत्र राम विलास निवासी ग्राम नागचौरी थाना गोल्हौरा दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये। वहीं धानी मार्ग पर आम का पेड़ गिरा था, जिसकी लकड़ी लादने के लिए ट्राली खड़ी थी। पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजकर आगे की विधिक कार्यवाही में जुट गयी।




