एफएलएन ट्रेनिंग के दौरान बैंक प्रबन्धक ने योजनाओं से शिक्षकों को कराया अवगत

सिद्धार्थनगर। ब्लॉक संसाधन केन्द्र नौगढ़ में फाउण्डेशन लिटरेसी एण्ड न्यूमेरसी (एफएलएन) प्रशिक्षण का चौथा दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में कक्षा 4 एवं 5 की हिन्दी पाठ्यपुस्तक “फुलवारी” तथा गणित विषय के अध्यापन की नवीन विधियों और विविध गतिविधियों के प्रयोगों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बाल केन्द्रित शिक्षण, खेल आधारित गतिविधियों तथा नवाचारपूर्ण पद्धतियों को अपनाने हेतु मार्गदर्शन दिया।इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, एसएमई शाखा के प्रबन्धक कादिर खान अपने सहयोगी बैंककर्मी रोहित, अनिल एवं राम लौटन के साथ उपस्थित हुए। आगामी शिक्षक दिवस को ध्यान में रखते हुए बैंक टीम ने विद्यालय शिक्षकों के बीच बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही सभी उपस्थित शिक्षकों और शिक्षिकाओं के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस का सामूहिक उत्सव मनाया गया। बैंक प्रबन्धन द्वारा सभी शिक्षकों को उपहार प्रदान कर हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ नौगढ़ के अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता ने किया। प्रशिक्षण सत्र में एआरपी जेपी गुप्ता, अनन्त दीप, शिवशंकर मिश्र, शशि यादव एवं रामपाल प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। खण्ड शिक्षा अधिकारी राम कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एफएलएन प्रशिक्षण को अत्यन्त उपयोगी बताया। उन्होंने सभी शिक्षकों से बच्चों की सीखने की क्षमता को सुदृढ़ बनाने हेतु इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को कक्षा-कक्ष तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर दिव्यानी गुप्ता, मनीषा सरोज, अभिलाषा रानी, प्रवीण मिश्र, रमेश जायसवाल, वाचस्पति चतुर्वेदी, हुस्न आरा, पूनम, नीलम, अनुराधा, रूमिश, माला पाण्डेय, अलका कटियार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




