अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी लखनऊ रेफर, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सिद्धार्थनगर। जिले के थाना क्षेत्र बांसी में सोमवार देर सायं एक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक चालक एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा बाइक सवार को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। आपको बता दें कि बहुरहना निवासी 26 बर्षीय शुभम तिवारी उर्फ दीपक और अश्विनी पाण्डेय बाइक से बांसी से घर लौट रहे थे। काजी रुदौली स्थित शिव मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शुभम तिवारी की मौके पर मौत हो गई और अश्विनी पाण्डेय को स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बांसी ले गयें। जहां डॉक्टरों ने उन्हें बस्ती रेफर किया। वहां से हालत गम्भीर होने पर लखनऊ भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक बांसी के मुताबिक अज्ञात वाहन सहित चालक की तलाश जारी है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को मुआवजे की मांग की है। वहीं शुभम की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है।




