सिद्धार्थनगर में नकबजनी करने वाले 5 चोर गिरफ्तार, जेवरात, नगदी और बाइक बरामद

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर पुलिस ने नकबजनी करने वाले एक संगठित गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह पांचों आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में है। इस पर भारत माता तिराहे के पास एक निर्माणाधीन मकान में दबिश दी गई। गिरोह के आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे दिन में गांव और कस्बों के किनारे बने मकानों की रेकी करते थे। बन्द घरों को चिह्नित कर रात में वहां चोरी करते थे। चोरी का माल नेपाल ले जाकर बेचते और रुपए आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने गिरोह के आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर बरामद किये हैं। जिनमें अंगूठियां, मांग टीका, मक्खी, मंगलसूत्र, नाक की कील, कर्धनी, पाजेब, पायल और बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा 20 हजार रुपए नगद, दो मोबाइल फोन और एक बिना नम्बर की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस सम्बन्ध में सदर ट्रेनिंग आईपीएस सदर क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान ने बताया कि जांच में सामने आया है कि जगदीशपुर राजा और रेहरा में हाल ही में हुई चोरियों को भी इसी गिरोह ने अंजाम दिया था। इन वारदातों से इलाके में दहशत फैली हुई थी। जिसमें गिरोह के पांचों आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया गया है।




