बर्डपुर में किसानों को नहीं मिल रहे टोकन, चुनिन्दा लोगों को बांटी जा रही खाद

बर्डपुर/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बर्डपुर क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। काशीपुर स्थित पटेल कृषि सेवा केन्द्र पर किसानों को खाद लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान सल्लू राम गुप्ता ने बताया कि वे चार दिन से खाद के लिए चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने चार दिन पहले आधार और खतौनी जमा की, लेकिन अभी तक टोकन नहीं मिला। वहीं आरोप है कि विक्रेता चुनिन्दा लोगों को ही टोकन दे रहे हैं। खाद वितरण में कई अनियमिततायें सामने आयी हैं। किसानों का आरोप है कि जिंक के साथ 400 रुपये में खाद बेची जा रही है। जहां 100 बोरी खाद आती है, वहां 50 बोरी का ही टोकन काटा जाता है। बाकी खाद को रोककर रात में काला बाजारी की जाती है। सहायक विकास अधिकारी कृषि मनीष त्रिपाठी का कहना है कि वितरण सही तरीके से हो रहा है। 01 सितम्बर को मशीन में तकनीकी खराबी के कारण 33 बोरा खाद बचा था, जिसका वितरण 03 सितम्बर को किया जायेगा। ड्यूटी पर तैनात लेखपाल विनय ने वितरण में गड़बड़ी से इनकार किया है। 400 रुपये अतिरिक्त वसूली के सवाल पर उनका कहना है कि किसानों को यह राशि नहीं देनी चाहिए। किसानों का यह भी आरोप है कि पूर्व में एक ही रिश्तेदार को 25 बोरी यूरिया एक साथ दी गई थी।



