बोल बम के जयकारों से गूंज उठा ग्रामीण क्षेत्र

कैसरगंज/बहराइच। विकासखंड कैसरगंज मे तीज के पावन अवसर पर भोले बाबा के भक्तों का आस्था और भक्ति से भरा अनूठा नज़ारा देखने को मिला। ग्रामीण अंचलों में ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी सैकड़ों कांवरियों ने जलाभिषेक के लिए लंबी यात्रा की। ग्रामीण क्षेत्रों से निकले कांवरियों के जत्थे ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और “हर-हर महादेव” के नारों के साथ शिवधाम के लिए रवाना हुए। ग्राम पंचायत कूड़ोनी से भी दर्जनों श्रद्धालु जल लेकर यात्रा पर निकले। श्रद्धालुओं ने गंगाजल लाकर विधि-विधान से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।सुबह से ही मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग भक्ति गीतों, ढोलक और नगाड़ों की थाप से गूंज उठा। श्रद्धालु अपने कंधों पर कांवर लिए शिवभक्ति में लीन होकर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। इस मौके पर फूलचंद प्रजापति, पवन कुमार साहू, बबलू कुमार प्रजापति, शिव कुमार प्रजापति, शुभम साहू, रामतेज सहित दर्जनों कांवरियों ने करीब 50 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भोले बाबा के चरणों में जलाभिषेक किया। भक्तिमय वातावरण में निकली यह यात्रा आस्था और समर्पण की मिसाल बनी।




