18 बर्षीय नवयुवक का शव बानगंगा नदी में मिला

पकड़ी बाजार/सिद्धार्थनगर। रोजगार की तलाश में मुम्बई जाने निकला एक 18 वर्षीय युवक चार दिन बाद बानगंगा नदी में मृत मिला। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ के ग्राम गनेशपुर निवासी रामसजीवन पुत्र जग्गू बुधवार को घर से यह कहकर निकले थे कि वह मुम्बई जाकर रोजी-रोटी कमायेंगे। एक दिन तक जब उनकी कोई खबर घर नहीं पहुंची तो पिता ने मुम्बई में रह रहे रिश्तेदारों व परिचितों से जानकारी ली, लेकिन वहां भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। बेटे की बेखबरी से माता-पिता बेचौन हो उठे। इसी बीच रविवार की सुबह शोहरतगढ़ क्षेत्र के बरैनिया गांव के पास बानगंगा नदी में एक युवक का शव देखा गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त करायीं। शव की पहचान गनेशपुर निवासी रामसजीवन के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे का शव देखते ही पिता जग्गू व स्वजन दहाड़ मारकर रोने लगे। गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि रोजगार की तलाश में बाहर जा रहे नौजवान की असमय मौत बेहद दुरूखद है। रामसजीवन का अधूरा सपना व परिवार का बिखरा सुकून अब केवल यादों में सिमटकर रह गया है।




