भाई ने अपने भाई युवक को ताल में डूबने से बचाई जान, दिखाया साहस

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत डुमरियागंज क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा होते होते बच गया। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत द्वारा डुमरियागंज-बढ़नी मुख्य मार्ग पर स्थित ताल का सुन्दरीकरण कराया जा रहा है। इस ताल से जलकुम्भी निकालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान शाहपुर निवासी मनोज गौतम पुत्र राम सवारियां गौतम हादसे का शिकार हो गये। जलकुम्भी निकालने के लिए जैसे ही मनोज ताल में उतरे, अचानक उनका सन्तुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ क्षणों के लिए तो सभी लोग सकते में आ गये, लेकिन उसी समय मनोज का छोटा भाई राजेश गौतम हिम्मत दिखाते हुए ताल में कूद पड़ा। राजेश ने डूब रहे अपने भाई को बाहर निकालने के लिए संघर्ष किया और अंततः सुरक्षित किनारे ले आया। यदि राजेश तत्काल कदम न उठाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद मनोज कुछ देर तक बेहोशी की हालत में रहे, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने राजेश की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की। नगर पंचायत के जिम्मेदारों ने बताया कि ताल का सुन्दरीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। जलकुम्भी और गन्दगी हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि ताल का प्राकृतिक सौन्दर्य बहाल हो सकें। इस दौरान सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। लोगों का कहना है कि ऐसे कार्यों के दौरान नगर पंचायत को स्थानीय लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, जिससे भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना न हो। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मुसीबत के समय धैर्य और साहस से बड़ा कोई हथियार नहीं होता। राजेश गौतम की तत्परता ने उनके भाई की जिन्दगी बचा ली और परिवार पर आने वाली बड़ी विपत्ति टल गई।




