चौखड़ा में एक रात में 4 घरों में चोरी और एक घर में चोरी के नाकाम कोशिश

इटवा/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर में बीते 20 दिनों में सिद्धार्थनगर जिले में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इटवा, डुमरियागंज, ढेबरूवा, चिल्हियां और सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्रों से लगातार सेंधमारी की खबरें सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं कर पायीं है। पुलिस का कहना है कि कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं मिला है। थाना क्षेत्र इटवा के चौखड़ा गांव में बीती रात चोरों ने आतंक मचा दिया। एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर रफूचक्कर हो गयें। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीण लोग दहशत में हैं। वहीं पुलिस की नाकामी पर भी सवाल उठ रहे हैं। गांव निवासी अब्दल आकिब के घर में चोरों ने सबसे पहले सेंध लगाई। घर का जंगला तोड़कर भीतर घुसे चोर बक्सों और आलमारियों से करीब 1 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गये। घटना का पता सुबह तब चला, जब घरवाले उठे तो ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। इसके बाद चोर आकिब के भाई अब्दुल हई के घर पहुंचे। यहां से उन्होंने 15 हजार रुपये नकद और एक एटीएम कार्ड चोर उड़ा ले आयें। वहीं दरवाजा और अलमारी तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का कहना है कि घर में रखे अन्य सामानों से भी छेड़छाड़ की गई है। तत्पश्चात चोरों ने मोहल्ले के ही मोहम्मद अहसान उर्फ राजू के घर भी पहुंचे। छत के रास्ते दाखिल होकर उन्होंने करीब 25 हजार रुपये नकद और 15 हजार रुपये मूल्य के जेवर चोरी कर लिया। रात में परिजन गहरी नींद में थे। सुबह उठे तो अलमारी और सन्दूक टूटे मिले। फिर इसके बाद चोरों ने शिवकुमार उर्फ चुनमुन के घर को निशाना बनाया। आंगन से दाखिल होकर चोर यहां से 1.88 लाख रुपये के जेवर और 12 हजार रुपये नगद ले उड़े। शिवकुमार ने कहा कि उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी पलक झपकते ही लुट गई। लगातार चार घरों में चोरी के बाद चोरों ने शिवपूजन के घर में भी सेंध लगाने की कोशिश की। लेकिन सुबह करीब 4 बजे घरवाले जाग गये और शोर मचाने लगे। घबराकर चोर वहां से भाग निकले। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते घरवाले न जागते तो यहां भी लाखों का नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक इटवा श्याम सुन्दर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक चार घरों में चोरी और एक घर में चोरी के प्रयास की पुष्टि हुई है। पीड़ितों से लिखित तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।




