एलपीजी कम्पनी चला रहीं घरों में पुराने पाइप बदलने को अभियान

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। हर एक चीज की एक मिआद होती है। एक नियत समय सीमा होती है। ऐसे ही एलपीजी गैस पाइप की एक मियाद होती है। एलपीजी कम्पनियों ने हाल ही में हादसों को देखते हुए बताया कि रसोई गैस सिलेण्डर पर लगने वाले पाइप की उम्र पांच साल की ही होती है। पांच साल के बाद पाइप खराब होना शुरू हो जाता है। साथ ही पाइप में गैस लीकेज या अन्य समस्याएं शुरू हो जाती है। सिद्धार्थनगर में 258462 इण्डेन ग्राहक एलपीजी गैस कनेक्शन हैं। इन गैस कनेक्शन में सिलेण्डर पाइप एक्सपायरी कनेक्शन 165156 हैं। वहीं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन एलपीजी के बिक्री अधिकारी सन्तोष कुमार सोनी का कहना है कि कुछ कंज्यूमर बाजार से पाइप खरीदकर लगा लेते हैं। लेकिन सस्ता होने के कारण यह पाइप आईएसआई मार्का नहीं होते। यदि उपभोक्ता बाजार से पाइप खरीदकर लगाता है, तो वह उपभोक्ता भी तेल कम्पनियों की योजना का लाभार्थी नहीं माना जायेगा। कम्पनी केवल एजेन्सी द्वारा दिये गये प्रमाणित पाइप को ही मान्यता देगी। तेल कम्पनी के नियमानुसार सभी गैस एजेंसियां अपने यहां से जारी हुए गैस कनेक्शन की तारीख की लिस्ट बनानी शुरू कर देंगी। इसके बाद ऐसे कनेक्शनों को जो पाइप की एक्सपायरी डेट निकल जाने के बाद भी चेंज नहीं करा रहे हैं, इनकी लिस्ट बनाई जायेगी। इनको दुर्घटना होने पर क्लेम की लिस्ट से बाहर भी किया जा सकता है। इस सम्बन्ध में बिक्री अधिकारी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, बस्ती बिक्री क्षेत्र सन्तोष कुमार सोनी ने बताया कि हमारे गैस एजेंसियों द्वारा लगातार इसके लिए अवेयरनेस अभियान चलाये जाते हैं। यहां लगभग 258462 इण्डेन ग्राहक हैं, जिनमें से करीब 165156 कनेक्शन के पाइप एक्सपायर हैं। ऐसे लोगों से अपील है कि सुरक्षा से खिलवाड़ न करें और अपने एक्सपायर पाइप बदलवा दें।
ऐसे तो क्लेम से धोना पड़ सकता है हाथ
पांच साल के बाद पाइप खराब होना शुरू हो जाता है। साथ ही पाइप में गैस लीकेज या अन्य समस्याएं पैदा होनी शुरू हो जाती है। ऐसे में घरों में सिलेण्डर को लेकर दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है। रसोई गैस सिलेण्डर से घर में हादसा होने पर तेल कम्पनी की ओर से 10 लाख रुपए तक के बीमे की सुविधा उपभोक्ता को देती है, क्योंकि सिलेण्डर फटने की स्थिति में घर में जान माल का भारी नुकसान होता है। अब इस बात को मद्देनजर रखते हुए तेल कम्पनी ने हर पांच साल में उपभोक्ता के रसोई सिलेण्डर के पाइप को बदलने का निर्णय लिया है। अगर ये पाइप नहीं बदला तो ऐसे में कम्पनी आपको एक्सीडेंटल इंश्योरेंस से दूर कर सकती है।




