8 घंटे में हत्या का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात का पुलिस ने महज़ 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोनारडीह निवासी सुनील यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका बड़ा भाई रोहित यादव (सेल्समैन) शराब के ठेके पर काम करता था। 24 अगस्त की रात वह घर नहीं लौटा। खोजबीन में उसकी मोटरसाइकिल बैराही गाँव के पास पुलिया के निकट मिली और खेत में रोहित गंभीर हालत में पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वादी ने आशंका जताई कि गाँव का ही शिवाकान्त यादव, जो चोरी-छिपे शराब बेचता था और जिसकी शिकायत मृतक ने आबकारी विभाग से की थी, उसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इस सूचना पर थाना को0 देहात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि शिवाकान्त ने 22 अगस्त को आबकारी विभाग की छापेमारी के बाद मृतक से गहरी रंजिश रखी। घटना की रात आरोपी ने मृतक का पीछा किया और मौका पाकर पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिवाकान्त यादव पुत्र पारस यादव निवासी सोनारडीह को फुलवरिया बाइपास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी का बयान
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक रोहित उसकी शिकायत आबकारी विभाग में करता था। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।




