शॉर्ट सर्किट से टूटा तार घर पर गिरा, हुआ अफरातफरी

पकड़ी बाजार/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पिपरी पट्टी गांव में देर रात को 11 हजार शॉर्ट सर्किट से बिजली का तार टूट कर एक घर पर गिर गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोगों की सूझबूझ और बिजली निगम के सहयोग से अप्रिय घटना होने से बच गई। पिपरी पट्टी गांव में सियाराम यादव के घर के सटे से 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार दौड़ाया गया है, जो ढीला होने के साथ जर्जर हो चुका है। बीती देर रात को शॉर्ट सर्किट से तार टूट कर उसके घर पर गिर गया। इससे दीवार पर चिंगारी निकलने लगी। इसको जलता देखकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सावधानी बरतते हुए इसकी सूचना बिजली निगम को दी। इसके बाद आपूर्ति बन्द कर दी गई। इससे यहां के लोगों को इस उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुराने जर्जर तार को बदलने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन इन्हें नहीं बदला जा सका है।




