भारतीय मजदूर संघ का हुआ सम्मेलन, समरेन्द्र प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष, आशुतोष यादव बने मंत्री

सिद्धार्थनगर। शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ का जिला सम्मेलन नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के सभागार में हुआ। मजदूर संघ के बस्ती मण्डल के विभाग प्रमुख अशोक सिंह ने कहा कि संगठन का कार्य मजदूर, कामगार, कर्मचारी हित और उनके वेतन-भत्ता और पदोन्नति तक सीमित नहीं है, हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि श्रमिकों को बेहतर सुविधायें मिलें। श्रमिकों और उद्योगों के बीच सन्तुलन स्थापित कर भारतीय मजदूर संघ दोनों के विकास का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। संघ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी गम्भीरता से स्वीकार करता है। स्वदेशी, पर्यावरण व सामाजिक समरसता विषयों पर पहले से ही कार्य चल रहा है। अब दो नये विषय कुटुम्ब-प्रबोधन और नागरिक-कर्तव्य को भी संगठन की कार्यपद्धति में जोड़ा है। सम्मेलन के दौरान ही नई जिला कार्यकारिणी का गठन हुआ। जिसमें महेश मणि त्रिपाठी को संरक्षक, समरेन्द्र प्रताप सिंह को जिला अध्यक्ष, आशुतोष यादव को जिलामंत्री, शैलेन्द्र गुप्ता को संगठन मंत्री, दिग्विजय पाण्डेय को वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष और जिला कोषाध्यक्ष के पद का दायित्व हरिशंकर सिंह को दिया गया। रामबृक्ष, केशभान यादव, आकाश उपाध्याय, विकास चौधरी, देवेश राय, सुरेन्द्र पाल, अभिजीत सिंह, अखिलेश सिंह आदि को भी दायित्व सौंपा गया। बस्ती के जिला संरक्षक उमेश चन्द्र मिश्र और जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने सभी को दायित्व व गोपनीयता की शपथ दिलाई।




