रामजानकी नगर में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम संपन्न
मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

दैनिक बुद्ध का संदेश
इटवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रामजानकी नगर, वार्ड नंबर-15 में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान सम्मान तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान सांसद जगदंबिका पाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। भाजपा नेता जयवर्धन तिवारी ने भी जनसंपर्क कर सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया। मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी के बल पर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माधव यादव, सूरज यादव, रामतेज शुक्ला, राम निवास उपाध्याय, हरि यादव, सुनील पांडेय, राजकुमार, बुधराज गिरी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम बूथ संख्या-153, मंडल इटवा के अंतर्गत आयोजित किया गया।



