कोटेदार के कार्य प्रणाली से क्षुब्ध ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

शोहरतगढ/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़़ अन्तर्गत बढ़नी विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहटी के कोटेदार के मनमानी रवैया एवं घटतौली से नाराज ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ पंचायत भवन के सामने रविवार को विरोध जताते हुए सम्बन्धित विभाग से न्याय की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहटी और बनचौरा के पीड़ित ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व गांव के कोटेदार रामप्रताप चौधरी के ऊपर सरकारी राशन के वितरण में धांधली व घोर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़, जिला आपूर्ति अधिकारी एवं जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज कर न्याय की गुहार लगाई थी। जिसपर एसडीएम ने पीड़ित शिकायतकर्ता विन्दू, सोनमती, सेठाकुमारी, घिराऊ, कुसुम, कमलावती, जहरुन, भागी, जैसराम, किशुन के द्वारा दिये गये शिकायत पत्र को गम्भीरता से लेते हुए एक जांच कमेटी गठित कर टीम को गांव में जाकर जांच करने का निर्देश दिया था। जांच टीम गांव में जाकर पीड़ित ग्रामीणों का बयान दर्जकर वापस भी आ गई। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि जांच टीम ने हम लोगों का बयान लेकर चली गई, लेकिन कोटेदार पर क्या कार्यवाही होगा, जिसका कोई संकेत हम लोगों को अभी तक नहीं मिला। जिसपर ग्रामीणों ने गांव के पंचायत भवन पर सोमवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए कोटेदार रामप्रताप चौधरी के द्वारा राशन वितरण में किये जा रहे धांधली व भ्रष्टाचार के आरोप में जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही किये जाने की मांग विभाग से किये है।इस सम्बन्ध में सप्लाई इंस्पेक्टर बढ़नी राम प्रताप सिंह ने बताया कि गांव में जाकर लोगों का बयान लिया गया है। जांचकर कार्यवाही किया जायेगा।



