अल फारूक इण्टर कॉलेज के प्रबन्धक पर लगे धर्मांतरण के आरोपों पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष ने बताया साजिश

सिद्धार्थनगर। विधानसभा इटवा के अमौना में स्थित अल फारूक इण्टर कॉलेज के प्रबन्धक मौलाना शब्बीर पर लगे धर्मांतरण के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। वहीं शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक गहरी साजिश करार दिया। नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मौलाना शब्बीर एक सम्मानित व्यक्ति हैं और उनके खिलाफ लगाये गये आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना किसी ठोस सबूत के किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति पर ऐसे गंभीर आरोप लगाना और उन्हें गिरफ्तार करना न्याय के सिद्धान्तों के खिलाफ है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकें। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से शान्ति और सद्भाव बनाये रखने की अपील भी की। यह मामला अब सिद्धार्थनगर में चर्चा का विषय बन गया है और देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है। इस दौरान जिलाध्यक्ष लालजी यादव, वरिष्ठ सपा नेता जमील सिद्दीकी सहित तमाम सपाई मौजूद रहें।




