पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हो रहा आघात ,राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद रजिस्टर्ड बहराइच ने चेताया आंदोलन का संकेत
दैनिक बुद्ध का सन्देश

दैनिक बुद्ध का सन्देश
बहराइच | राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद जौनपुर के जिला अध्यक्ष तामीर हसन शीबू द्वारा “होप फैमिली हॉस्पिटल” में व्याप्त अनियमितताओं को उजागर करते हुए एक जनहित में रिपोर्ट प्रकाशित की गई थी। यह रिपोर्ट उनके पत्रकार धर्म के अनुरूप थी, जिसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा माना जाता है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि उक्त खबर प्रकाशित होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने कथित प्रभावशाली लोगों के दबाव में आकर शीबू के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। यह कार्रवाई न केवल प्रेस की स्वतंत्रता पर आघात है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। इस मामले में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश सरकार से चार मुख्य मांगें रखी हैं:
1. तामीर हसन शीबू पर दर्ज फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए व दोषियों को सजा दी जाए।
2. प्रदेश भर के पत्रकारों की सुरक्षा के लिए एक स्थायी नीति बनाई जाए।
3. पत्रकारों के विरुद्ध पुलिस द्वारा की जा रही दमनात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
4. यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो परिषद प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जी ने स्पष्ट कहा कि यदि लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता को संरक्षित नहीं किया गया, तो यह पूरे समाज के लिए घातक होगा। परिषद ने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक और पत्रकार यूनियनों को प्रतिलिपि भेजते हुए त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश ,अनूप कुमार मिश्रा प्रदेश सचिव, रामनारायण त्रिवेदी संरक्षक , जिला प्रभारी संजय कुमार राठौर, जिला महासचिव सनोज कुमार पाल , जिला उपाध्यक्ष अहमद हुसैन, जिला संगठन मंत्री धनीराम यादव , जगदंबा प्रसाद गोस्वामी,अजय कुमार पाठक, मुकेश कुमार टंडन, मोहम्मद वसीम , धनीराम यादव संगठन मंत्री,असलम खान , शास्त्र तिवारी जिला महासचिव एवं संगठन के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।




