शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ माहौल
कलश यात्रा में गाजेबाजे के साथ भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे

सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज। नगर पंचायत भारतभारी के वार्ड नं. 10 मनोहरपुर में शिव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें गाजे बाजे के साथ भारी संख्या में श्रद्धालु सम्मलित हुए। कलश यात्रा का शुभारंभ मनोहरपुर मंदिर से हुआ जो बढ़नी, सोनहटी चौराहा होते हुए बंजरहवा राप्ती नदी घाट पर पहुंचा। राप्ती नदी घाट पर विद्वान पुरोहितों द्वारा विधि विधान से पूजन करवाया गया, पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा नदी के पवित्र जल को कलश में भरकर वापस मंदिर स्थित पूजन स्थल पर लाया गया। इस धार्मिक आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर डीजे व गाजेबाजे से साथ देवी-देवताओं के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा में सम्मलित चेयरमैन चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव और एकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं समस्त श्रद्धालुओं को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और बताया कि ऐसे आयोजन से न केवल गांव में धार्मिक उत्साह का प्रसार होता हैं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार भी होता है। इस दौरान रामसूरत सोनी, कमल सोनी, बालकेश सोनी, विनोद, सेवाला, श्यामलाल, रमेश पाण्डेय, सागर, अनिल, लालचंद्र, राकेश, नंदलाल, हिंदलाल, ध्रुवचंद्र, शिवपूजन, विजय यादव, शिवकुमार आदि मौजूद रहें।




