आरोपी चोर को दुकान से बल्ब चुराने पर थूक चटवाया, वीडियो वायरल

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र ढेबरुआ के तुलसियापुर चौराहे में बल्ब चोरी करने पर युवक से थूक चटवाया गया। आरोपी को ऑटो पार्ट्स दुकानदार ने दुकान से एलईडी बल्ब चुराते रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद आस-पास के दुकानदार और आस-पास के करीब 20 लोगों ने मिलकर उसे जमकर पीटा। आरोपी बार-बार हाथ जोड़कर चोरी की गलती को मान कर माफी मांगता रहा। लेकिन भीड़ में उसकी किसी ने नहीं सुनी। वहीं हद तो तब हो गई, जब दुकानदार ने उससे कहा कि जमीन पर थूको फिर उसे अपनी जीभ से चाटो। वहीं घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में दुकानदार और करीब 20 लोग युवक को पीटते हुए और थूककर चटवाते दिख रहे हैं। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर मांफी मांगते दिख रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आपको बता दें कि ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर आशीष पाण्डेय अपने घर के पास ही ऑटो स्पेयर पार्ट्स और बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। आशीष ने बताया कि शनिवार को शाम करीब 4 बजे दुकान पर एक युवक बाइक में इंडिकेटर लगवाने के लिए आया था। मैं इंडिकेटर लेने के लिए दुकान के अन्दर चला गया। युवक ने पानी मांगा तो मैंने दुकान में आकर थरमस जार से पानी लेकर पी लेने को कहा। युवक अन्दर आया और जार के पास रखे एलईडी के पैकेट में से 5 में से एक 2 एलईडी चुरा लिये। दूसरा एलईडी चोरी करते समय बल्ब जमीन पर गिर गया। आवाज सुनकर मैं पलटा तो युवक वहीं पर खड़ा हुआ था। मैंने आकर चेक किया तो पैकेट में 5 के बजाय सिर्फ 3 ही एलईडी थे। मैंने उससे पूछताछ की तो पहले उसने इनकार कर दिया। युवक की तलाशी लेने पर उसकी पैन्ट की जेब से एक एलईडी बल्ब बरामद हुआ। जेब से एलईडी बल्ब मिलने के बाद भी युवक अपनी चोरी नहीं मान रहा था तो दुकानदार आशीष पाण्डेय और आस-पास के करीब 20 अज्ञात लोगों ने उसे लात-घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। युवक बार-बार माफी की गुहार लगाता रहा, पर किसी ने एक न सुनी। इसके बाद दुकानदार आशीष ने जमीन पर थूक कर युवक को चाटने को कहा। ना चाटने पर पहले पीटा, इसके बाद जबरन युवक की गर्दन झुकाकर थूक चटवाई। इस एलईडी बल्ब की कीमत सिर्फ 260 रुपए थी। युवक ने मारे जाने के डर से जमीन पर थूका, फिर उसे चाटा। इसके बाद लोगों ने उसे वहां से भगा दिया। वहीं पिटाई और थूक चटवाने के बाद दबंगों ने युवक को छोड़ दिया। युवक अपनी बाइक लेकर वापस चला गया। वीडियो संज्ञान में आने के बाद जब पुलिस दुकान पर पूछताछ करने पहुंची तो दुकानदार ने बताया कि पीड़ित युवक का नाम 38 बर्षीय छांगुर है। वह ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ही बढ़नी चौकी अन्तर्गत धनौरा गांव का रहने वाला है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष ढेबरूआ गौरव सिंह ने बताया कि अब तक किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। वीडियो संज्ञान में आने के बाद दुकान पर जाकर पुलिस ने जांच की है। थूक कर चटवाना अपराध है। पीड़ित युवक की तलाश की जा रही है। युवक की तहरीर के आधार पर दुकानदार और अन्य पीटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।




