पंचायत सहायकों की नई कार्यकारिणी का गठन, मनीष कुमार चौधरी बने अध्यक्ष

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती/रुधौली। विकास खण्ड रुधौली के ब्लॉक सभागार में शनिवार को पंचायत सहायकों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सहायकों की विभिन्न समस्याओं, कार्यों में आने वाली चुनौतियों तथा संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में विकास खण्ड की कुल 75 ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायकों में से 37 पंचायत सहायकों ने सहभागिता की। सभी उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में ग्राम पंचायत अठदेउरा के पंचायत सहायक मनीष कुमार चौधरी को अध्यक्ष चुना गया। वहीं ग्राम पंचायत करमा कला के सुधांशु सिंह को उपाध्यक्ष, ग्राम पंचायत मुगरहा के अभय प्रताप सिंह को कोषाध्यक्ष तथा ग्राम पंचायत पकरी सोयम के जगन्नाथ चौधरी को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत आमबारी के अक्षय कुमार एवं तिगोड़िया के उमेश शुक्ला को मीडिया प्रभारी बनाया गया। ग्राम पंचायत गनवरिया कला की शालू सिंह को संगठन का प्रवक्ता मनोनीत किया गया।बैठक में संगठन की मजबूती, पंचायत सहायकों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नई कार्यकारिणी पंचायत सहायकों की आवाज को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगी।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख आलोक चौधरी ने नवमनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।बैठक में दिवाकर सिंह, विनय कुमार, प्रमोद कुमार, रूपेश सिंह, प्रियंका सिंह, प्रीति,किशन, मदनलाल, सुनीता सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता और पंचायत सहायकों के हित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।




