विश्व जनसंख्या दिवस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बढ़नी में भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बढ़नी में एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में आशा बहनों ने उत्साह के साथ भाग लिया और रंग-बिरंगी स्लोगनों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान माहौल उत्सवमय रहा, जिसमें स्थानीय लोगों का भी अच्छा सहयोग देखने को मिला। रैली का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अविनाश चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण और परिवार कल्याण के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस दौरान आशा बहनें घर-घर जाकर महिलाओं को परिवार नियोजन के विभिन्न तरीकों, जैसे गर्भनिरोधक साधनों और स्थायी समाधानों की विस्तृत जानकारी देंगी। डॉ0 अविनाश चौधरी ने जोर देकर कहा कि सरकार द्वारा परिवार नियोजन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराये गये हैं, और जो लोग इस दिशा में रुचि दिखायेंगे, उन्हें ये सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जायेंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य केन्द्र के स्टाफ और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। रैली के बाद एक छोटा सा जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें डॉक्टरों ने लोगों के सवालों का जवाब दिया और स्वास्थ्य सम्बन्धी सुझाव दियें। यह कार्यक्रम न केवल जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समुदाय के बीच सकारात्मक सन्देश भी फैलाया।



