तूफान में मृत बालिका के परिवार को आपदा राहत कोष से दो लाख की सहायता

खुनुवां/सिद्धार्थनगर। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के कपिलवस्तु में तूफान आने के दौरान बगीचे में आम के पेड़ से दबकर लड़की की मौत हो गई। नगर पालिका वार्ड नम्बर-08 मैनिहवा की सुखना केवट के परिवार को दो लाख रुपए की सहायता दी गई है। आपको बता दें कि तूफान में सुखना केवट आम तोड़ने के लिए बाग में गयी थी, जिसके कारण तूफान में पेड़ से दबकर 14 वर्षीय लड़की सुखना केवट की मौत हो गई। वहीं सुखना की मां ज्ञानमती केवट को कपिलवस्तु नगर पालिका का आपदा प्रबन्धन कोष से 2 लाख रुपये की सहायता राशि हस्तान्तरित की गई। कपिलवस्तु नगर पालिका के मेयर सुदीप पौडेल ने मुख्य जिला अधिकारी दिल कुमार तमांग व पुलिस अधीक्षक निरंजन दत्त भट्ट, नगर पालिका के वन एवं पर्यावरण शाखा के प्रशासनिक अधिकारी विनोद कुंवर और वार्ड नम्बर- 8 के अध्यक्ष शिव कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में सुखना की मां ज्ञानमती को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। महापौर पौडेल ने आपदा के कारण को एक दुखद घटना बताते हुए कहा कि आपदा कोष से यह सहायता इसलिए दी गई है, ताकि आपदा में मरने वाली बच्ची के परिवार को यह एहसास हो कि नगर पालिका इस दुख की घड़ी में उनके साथ है।



