बरेली के एक भाजपा नेता चला रहे थे फर्जी आधार, पैन, मार्कशीट बनाने का काम

बरेली। बरेली में थाना सीबीगंज क्षेत्र के महेशपुर गांव में जनसेवा केंद्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज बनाने का एक मामला सामने आया है, इस गोरख धन्धे में बरेली की भाजपा युवा कार्यकारणी के एक पदाधिकारी का नाम सामने आने से जहां भाजपा के अंदर खलबली मची हुई है वहीं विपक्ष को भाजपा पर तंज कसने का एक मौका मिल गया है। इसकी गौरख धंधे की सूचना मिलते ही लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस के साथ एसओजी टीम और सीबीगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर उसके केंद्र से भारी मात्रा में दस्तावेज बनाने वाले उपकरण बरामद किए। इस मामले में आरोपी भाजपा नेता मुकेश देवल मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि आरोपी मुकेश अपने राजनैतिक गुरुओं से इस मामले को रफा दफा करने कि कोशिश में लगा हुआ है। फिल्हाल थाना पुलिस के साथ लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस और एसओजी टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस पूरे मामले को लेकर थाना सीबीगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने घर के नीचे जनसेवा केंद्र और लोकवाणी केंद्र चलाता था। वह लोगों से पैसे लेकर आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, 10वीं और 12वीं की फर्जी मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बनाकर अपने ग्राहकों को देता था। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 2 लैपटॉप, 2 प्रिंटर, एक स्कैनर, वेबकैम, थंब स्कैनर, फिंगरप्रिंट मशीन, छह नकली मोहरें, दो एलआरआई शील्ड्स, दो माउस, 27 आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक वोटर आईडी और नॉर्थ ईस्ट रेलवे का एक कार्ड बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों के फर्जी दस्तावेज बनाए गए हैं और उनका कहां-कहां इस्तेमाल किया गया है। बरामदगी करने वाली टीम में मिलिट्री इंटेलिजेंस बरेली यूनिट, एसओजी प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह धामा व टीम, थाना सीबीगंज के प्रभारी निरीक्षक अपराध सुभाष कुमार, दरोगा रविंद्र सिंह व निखिल कुमार, और कांस्टेबल इमरान व मान सिंह शामिल रहे।




