प्रभावपूर्ण रहा कदम प्लस प्रोग्राम

सिद्धार्थनगर। ह्यूमाना पीपुल टू पीपुल संस्था द्वारा जनपद के विभिन्न ब्लाकों में संचालित कदम प्लस प्रोग्राम का प्रतिपुष्टि सत्र शुक्रवार को संस्था के बांसी स्थित कार्यालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बीईओ बांसी नीरज कुमार सहित बांसी ब्लाक में चल रहे कदम प्लस प्रोग्राम स्कूल के हेड मास्टर एवं इंचार्ज अध्यापक गण भी उपस्थित रहे। ह्यूमाना संस्था के सिद्धार्थ त्रिवेदी एवं जैनेंद्र यादव ने दो वर्षों के दौरान संस्था द्वारा विभिन्न स्कूलों में किए गए कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उपस्थित अध्यापकों ने अपने अनुभव एवं सुझाव व्यक्त करते हुए कदम प्लस प्रोग्राम के टूलकिट एवं इसके सदस्यों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। आशुतोष तिवारी ने बताया कि कदम प्लस द्वारा विकसित अभ्यास पत्रक बच्चों के लेखन कौशल को सुधारने में काफी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही बच्चे बहुत रुचि के साथ इसमें कार्य करते हैं। निपुण भारत मिशन में यह काफी सहायक है। संस्था द्वारा किए गए सहयोग जैसे समुदाय के साथ लगाव, स्कूल प्रबंध समिति की बैठक में सजीवता लाने के लिए प्रयास को भी सराहा गया।किशन जी वर्मा ने कहा संस्था की कार्य प्रणाली एवं छात्रों के साथ लगाव एवं उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं खेल के माध्यम से छात्रों में रुचि जागृत होती है। अंकिता राय ने कहा कि यह छात्रों के लिए एक नई चीज है जिससे वह ज्यादा रुचि के साथ इसमें कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में जैनेंद्र यादव ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे ही विद्यालय के कार्यों में सहयोग करते रहें जिससे छात्रों के प्रगति में उत्तरोत्तर वृद्धि होती रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्र पाठक डीसी गुणवत्ता, अंकित अजारिया, उमापति मिश्रा, अरशद अहमद, चंद्रप्रकाश मिश्रा, पारुल माहेश्वरी, शारदा चौबे, गीता वर्मा, देवेन्द्र शुक्ला सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं कदम एक्सीलेटर नीरज कुमार उपस्थित रहे।



