जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे आवेदकों की समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक ने डीएम को लिखा पत्र
सभी विभागों में जन्म व व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए अलग से पटल बनाने की कही बात

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए तहसील से लेकर ब्लाक कार्यालय व सचिव के पास भटकने वालों आवेदकों की समस्याओं का संज्ञान लेकर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने डीएम डा. राजा गणपति आर. को पत्र भेजकर आवेदकों को जल्द से जल्द प्रमाण पत्र दिलवाए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही हैं। डीएम को भेजे पत्र में पूर्व विधायक ने बताया कि जनसुनवाई व क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आए दिन शिकायत मिलती रहती है, कि डुमरियागंज क्षेत्र सहित पूरे जिले में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर जनता की एक अत्यंत जटिल समस्या से वर्तमान में लोग परेशान हैं। प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया अत्यंत धीमी, जटिल और परेशानियों से भरी हुई है। जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, फिर भी प्रमाण पत्र समय से नहीं मिल पाता। यह स्थिति आम नागरिकों के लिए मानसिक और आर्थिक रूप से बहुत कष्टदायक बन गई है। उन्होंने बताया कि विकास खंड कार्यालय तथा नगर पंचायत कार्यालयों में किसी समर्पित कर्मचारी की नियुक्ति की जाए, जो केवल जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य को देखें। आवेदन होने के बाद किसी भी तहसील, विकास खंड तथा नगर पंचायत कार्यालय से प्रमाण पत्र तत्काल निर्गत किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा समयबद्ध टोकन व्यवस्था लागू की जाए ताकि आम जनता को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े। सभी प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित समय के भीतर जनता को प्रमाण पत्र सौंपे जाएं। उन्होंने जनहित से जुड़े विषय को गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए शीघ्र ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी जारी करने की बात कहीं हैं, ताकि क्षेत्र की जनता को सुचारु और सम्मानजनक सेवाएं प्राप्त हो सकें।




