दुर्गा मंदिर केवटलिया आस्था और भक्ति का केंद्र

उसका बाजार। क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्षनपुर के टोला केवटलिया में स्थित श्रीदुर्गा मंदिर नवरात्र के इन दिनों में श्रद्धालुओं के आस्था और भक्ति का केंद्र बना है। सुबह शाम आरती एवं दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।मंदिर में रविवार को शुभ मुहूर्त में पंडित आकाश मणि त्रिपाठी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधान के अनुसार कलश स्थापना कराया गया। नौ देवियों की पूजा एवं अनुष्ठान का क्रम शुरू हो गया। वर्ष 2012 में स्थापित इस मंदिर में मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा की गई है। शारदीय एवं वासंतिक नवरात्र में यहां विधि विधान के अनुसार पूजा होती है। वैसे पूरे वर्ष भक्त यहां दर्शन के लिए आते है लेकिन नवरात्र के दिनों में भीड़ बढ़ जाती है। मंदिर के पूजन कार्यक्रम के आचार्य पंडित आकाश मणि त्रिपाठी ने बताया कि इस बार चौत्र नवरात्र 8 दिनों का है। द्वितीय एवं तृतीय दिन समाहित है। 6 अप्रैल तक चलने वाले इस नवरात्र उत्सव में वैदिक एवं शास्त्रीय विधान के अनुसार पूजा एवं आरती चल रही है। नवरात्र के महत्व के बारे में बताया कि चौत्र नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से भक्तों को शक्ति, समृद्धि, सुख और शांति की प्राप्ति होती है। प्रत्येक देवी का अपना विशेष महत्व है और उनकी आराधना से शुभ फल प्राप्त होते हैं।




